चुरहट अंधेरे में, किसानों पर बिजली का दोहरा वार!

अघोषित कटौती से सिंचाई ठप, मनमाने बिलों पर अजय सिंह का सरकार पर हमला
प्राइड कदम समाचार | सीधी
चुरहट। पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं चुरहट विधायक अजय सिंह ने विधानसभा क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और किसानों को भेजे जा रहे भारी-भरकम बिजली बिलों को लेकर सरकार और बिजली विभाग पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि एक ओर ग्रामीण क्षेत्र घंटों बिजली कटौती झेल रहे हैं, वहीं दूसरी ओर किसानों और गरीब परिवारों पर मनमाने बिलों का बोझ डाला जा रहा है।
अजय सिंह ने बताया कि चुरहट के ग्रामीण इलाकों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं। धान की रोपाई के महत्वपूर्ण समय में किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है, जिससे खेती प्रभावित हो रही है। इसके बावजूद हजारों रुपये के बिजली बिल भेजे जा रहे हैं, जिससे किसान और मध्यम वर्गीय परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने मांग की कि अघोषित बिजली कटौती तत्काल बंद की जाए तथा किसानों को वास्तविक बिजली खपत के आधार पर ही बिल जारी किए जाएं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बिजली विभाग ने जल्द समाधान नहीं किया और ग्रामीणों का उत्पीड़न जारी रखा, तो वे जनहित में सड़क से सदन तक आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
अजय सिंह ने कहा कि किसानों को राहत देना सरकार की जिम्मेदारी है। खेती के मौसम में बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित करना और ऊपर से मनमाने बिल थोपना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। सरकार को तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या का स्थायी समाधान करना चाहिए।