### 24 घंटे में नवजात बालिका हत्या का खुलासा: मां गिरफ्तार, चुरहट पुलिस की त्वरित कार्रवाई

0 129

प्राइड इंडिया न्यूज़ | सीधी

सीधी जिले के चुरहट थाना क्षेत्र में पांच दिन की नवजात बालिका की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए उसकी मां को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर नवजात की मौत पानी में डुबोने से हुई थी।

पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं एसडीओपी चुरहट रवि प्रकाश कौल के मार्गदर्शन में थाना चुरहट पुलिस ने मामले की त्वरित जांच कर कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार 30 जुलाई 2026 को ग्राम भेलकी निवासी पंकज पटेल की पांच दिन की नवजात बालिका की संदिग्ध मृत्यु की सूचना थाना चुरहट में प्राप्त हुई थी। सूचना पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, शव पंचनामा, साक्ष्य संकलन तथा परिजनों के बयान दर्ज किए गए।

जांच में पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया यह तथ्य सामने आया कि नवजात की मां सोनू पटेल (21 वर्ष) प्रसव के बाद मानसिक रूप से अत्यधिक परेशान थी। पुलिस का कहना है कि कथित रूप से पालन-पोषण की चिंता के कारण उसने 30 जुलाई को घर के स्नान स्थल में रखे पानी से भरे ड्रम में नवजात को डुबो दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण पानी में डूबने से श्वासावरोध बताया गया है।

इन तथ्यों के आधार पर थाना चुरहट में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने 31 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 1 बजे आरोपित सोनू पटेल, पति पंकज पटेल, निवासी ग्राम भेलकी, थाना चुरहट को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्रवाई की।

पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत विवेचना जारी है। साथ ही महिलाओं, बच्चों एवं परिवारों को आवश्यक सामाजिक एवं मनोवैज्ञानिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों से समन्वय किया जाएगा तथा इस प्रकार के अपराधों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment