मजदूरों की मजदूरी सप्लायर के खाते में! बस्तरा पंचायत के सीसी रोड निर्माण में भुगतान पर उठे गंभीर सवाल

(जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव)
बरगा में सीसी सड़क निर्माण कार्य में भुगतान प्रक्रिया पर सवाल, सरपंच-सचिव और सप्लायर की मिलीभगत के आरोप, जांच की मांग।
डिंडौरी/शहपुरा।
जनपद पंचायत शहपुरा अंतर्गत ग्राम पंचायत बस्तरा की पोषक ग्राम बरगा में सीसी सड़क निर्माण कार्य के भुगतान को लेकर गंभीर वित्तीय अनियमितता के आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि निर्माण कार्य में लगे मजदूरों की मजदूरी राशि उनके बैंक खातों में भेजने के बजाय सप्लायर के खाते में स्थानांतरित कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, प्रचलित नियमों के तहत निर्माण कार्य में लगे मजदूरों की मजदूरी सीधे उनके व्यक्तिगत बैंक खातों में भुगतान की जानी चाहिए। लेकिन बरगा में हुए सीसी सड़क निर्माण कार्य में मजदूरी की पूरी राशि कथित रूप से सप्लायर के खाते में चली गई, जिससे भुगतान प्रक्रिया की पारदर्शिता और नियमों के पालन पर सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस पूरे मामले में सरपंच, सचिव एवं सप्लायर की मिलीभगत से सरकारी नियमों की अनदेखी की गई। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह पंचायत स्तर पर वित्तीय अनियमितता और सरकारी राशि के दुरुपयोग का गंभीर मामला हो सकता है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, जनपद पंचायत एवं संबंधित अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा भुगतान संबंधी सभी अभिलेखों की जांच कराने की मांग की है।