1 और ₹2 के बंद सिक्कों का चलन फिर शुरू कराने वाले इन्द्रलाल पटेल का हुआ सम्मान

सीधी। लंबे समय से ₹1 और ₹2 के सिक्कों को बाजार में फिर से प्रचलन में लाने के लिए संघर्ष करने वाले छात्र नेता एवं स्टूडेंट एजुकेशन वेलफेयर एसोसिएशन के सक्रिय सदस्य इन्द्रलाल पटेल का जिला अधिवक्ता संघ, छात्र संगठन एवं आम नागरिकों द्वारा सम्मान किया गया।
जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश के कई जिलों, विशेषकर रीवा संभाग एवं बुंदेलखंड क्षेत्र में व्यापारी, वाहन चालक और कई दुकानदार ₹1 और ₹2 के सिक्के लेने से इनकार कर रहे थे। इससे छात्रों और आम लोगों को छोटे भुगतान के लिए भी ₹5 तक खर्च करने पड़ते थे, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
इस समस्या के समाधान के लिए इन्द्रलाल पटेल ने सीधी से लेकर भोपाल के वल्लभ भवन तक लगातार आवाज उठाई। उन्होंने जिला कलेक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन किया, प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और संबंधित अधिकारियों से लगातार पत्राचार एवं संवाद किया। उनके लंबे संघर्ष के बाद ₹1 और ₹2 के सिक्कों के प्रचलन को लेकर सकारात्मक पहल हुई, जिससे पूरे विंध्य क्षेत्र सहित अन्य जिलों के लोगों को राहत मिली।
इसी महत्वपूर्ण जनहित कार्य के लिए जिला अधिवक्ता संघ सीधी के पदाधिकारियों, छात्र संगठन के सदस्यों एवं अन्य नागरिकों ने इन्द्रलाल पटेल एवं उनकी टीम का सम्मान करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की और धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अभियान में विनीता यादव, अमरदीप पटेल, स्वाती सिंह, आंचल पटेल, ज्योति पटेल, प्रत्युष गुप्ता, प्रदीप तिवारी, अजय केवट, शिवम सिंह चौहान, कंचन, विजय, हरीपूजन कोरी, अंकिता साकेत, सुमित पटेल, अशोक साकेत, उमा गुर्जर, धीरज पटेल, विनोद कुमार सहित अनेक लोगों की सक्रिय सहभागिता रही।