मझौली में शव रखकर ग्रामीणों का चक्का जाम, व्यौहारी-सीधी मार्ग घंटों रहा अवरुद्ध

छुही गांव में युवक की आत्महत्या के बाद फूटा आक्रोश, चार थानों की पुलिस मौके पर तैनात
मझौली (सीधी)। मझौली थाना क्षेत्र के छुही गांव में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने के बाद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने युवक के शव को व्यौहारी-सीधी मुख्य मार्ग पर रखकर चक्का जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए चार थानों के थाना प्रभारियों सहित भारी पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने और जाम समाप्त कराने का प्रयास किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। उनका कहना है कि समय पर न्याय और कार्रवाई नहीं मिलने के कारण लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी आक्रोश के चलते उन्हें सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करना पड़ रहा है।
काफी देर तक चले विरोध प्रदर्शन के कारण व्यौहारी-सीधी मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा समझाइश के बाद स्थिति सामान्य कराने के प्रयास जारी रहे।
बड़ा सवाल
क्षेत्र में लगातार हो रहे विरोध प्रदर्शन और सड़क जाम की घटनाएं प्रशासन के लिए चिंता का विषय बन गई हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन जनता का भरोसा बहाल करने के लिए क्या ठोस कदम उठाता है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थितियों की पुनरावृत्ति न हो।