जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर हुए लाठीचार्ज,जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े 38 भवनों के ध्वस्तीकरण के आदेश के विरोध में सपा का प्रदर्शन।

मुबारक अली संवाददाता
शाहजहांपुर। समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष एवं पूर्व चेयरमैन तनवीर खान के नेतृत्व में बुधवार को मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय, रामपुर से संबंधित 38 भवनों के ध्वस्तीकरण के आदेश को निरस्त करने, विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों की रक्षा तथा देश में पेपर लीक के विरोध में दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर हुए कथित लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।
सैकड़ों की संख्या में सपा नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नौजवान छात्र खिरनीबाग स्थित जीआईसी मैदान के पास एकत्रित हुए। इसके बाद जुलूस के रूप में भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिला मुख्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के उपरांत महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत पांडे को सौंपा गया।
इस अवसर पर सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खान ने कहा कि मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय से संबंधित 38 भवनों के ध्वस्तीकरण का आदेश हजारों छात्र-छात्राओं के भविष्य और शिक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है। किसी भी कार्रवाई में विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पेपर लीक के लगातार सामने आ रहे मामलों से युवाओं का भविष्य संकट में है। जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर कथित लाठीचार्ज के आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और उसका सम्मान किया जाना चाहिए।
पूर्व मंत्री अवधेश कुमार वर्मा ने कहा कि छात्र-छात्राओं की आवाज को लाठी के बल पर नहीं दबाया जा सकता। समाजवादी पार्टी शिक्षा, न्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है।
पूर्व एमएलसी अमित यादव उर्फ रिंकू ने कहा कि मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय सभी वर्गों और समाज के छात्र-छात्राओं के लिए शिक्षा का केंद्र है। इसे ध्वस्त करना शिक्षा के हित में नहीं है।
पूर्व विधायक रोशन लाल वर्मा ने कहा कि समाजवादी पार्टी छात्र-छात्राओं का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं करेगी और शिक्षा के मुद्दे पर युवाओं की आवाज उठाती रहेगी।
प्रदर्शन में पूर्व लोकसभा प्रत्याशी ज्योत्सना कश्यप, महिला सभा की राष्ट्रीय सचिव गायत्री वर्मा, अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनवर उल्ला खान, नगर विधानसभा अध्यक्ष अतिउल्लाह सिद्दीकी, प्रदेश सचिव रामसूरत यादव, विजय सिंह, सैयद रिजवान अहमद, विशेष आमंत्रित सदस्य नीरज मिश्रा, महानगर अध्यक्ष चौधरी रामकुमार भोजवाल सहित बड़ी संख्या में सपा नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता जिला अध्यक्ष प्रतिनिधि शाहनवाज मौजूद रहे।