मेहंदवानी के ग्राम धमनी में बेटे ने पिता की धारदार हथियार से हत्या, पारिवारिक विवाद बना जानलेवा

(जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव)
डिंडौरी। जिले के मेहंदवानी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धमनी में सोमवार को पारिवारिक विवाद ने भयावह रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद एक पुत्र ने अपने ही पिता पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 60 वर्षीय गंधी सिंह तेकाम के रूप में हुई है, जबकि हत्या का आरोपी उनका 40 वर्षीय पुत्र भगत सिंह तेकाम है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घर में किसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर पिता ने बेटे को शांत रहने की समझाइश दी, लेकिन गुस्से में आरोपी ने धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से गंधी सिंह तेकाम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मेहंदवानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा घटना में प्रयुक्त हथियार को जब्त कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी पुत्र के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद ग्राम धमनी में शोक का माहौल है। वहीं, पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।