भाजपा नेता दिलीप मुद्गल ने महिलाओं के बीच पहुंचकर बांटी साड़ियां, लिया आशीर्वाद

शिवपुरी | संतोष शर्मा, संवाददाता
पोहरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रसैरा में भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष दिलीप मुद्गल ने महिलाओं के बीच पहुंचकर उन्हें उपहार स्वरूप साड़ियां भेंट कीं। इस दौरान उन्होंने बहनों से तिलक लगवाया, उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया। महिलाओं ने भी उनके उज्ज्वल भविष्य एवं जनसेवा के कार्यों की सफलता की कामना की।
दिलीप मुद्गल ने कहा कि वे पिछले कई वर्षों से दीपावली के भाई दूज पर्व के अवसर पर क्षेत्र की बहनों के बीच पहुंचकर उन्हें साड़ियां भेंट करते आ रहे हैं। उनका उद्देश्य समाज के सभी वर्गों की बहनों से आत्मीय जुड़ाव बनाए रखना और उनके सुख-दुख में सहभागी बनना है।
उन्होंने कहा कि जनसेवा ही उनका मुख्य लक्ष्य है और वे सदैव जनता की सेवा के लिए कर्तव्यनिष्ठ होकर कार्य करते रहेंगे। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी पोहरी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर 10 विशाल भंडारों का आयोजन किया गया। इसके अलावा सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलनों में बेटियों के पैर पखारकर उनका आशीर्वाद लिया तथा नवदंपति जोड़ों के सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुद्गल ने कहा कि वे लगभग 25 वर्षों से भारतीय जनता पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता के रूप में विभिन्न संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन करते हुए क्षेत्र की जनता के बीच लगातार सक्रिय हैं और आगे भी जनसेवा के कार्यों को पूरी निष्ठा के साथ जारी रखेंगे।