घानाघाट हाई स्कूल में एसडीएम का औचक निरीक्षण, समय पर विद्यालय नहीं खुलने पर जताई नाराजग

डिंडौरी | 18 जुलाई 2026
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देश पर शनिवार को एसडीएम डिंडौरी श्री रामबाबू देवांगन ने शासकीय हाई स्कूल घानाघाट एवं एकीकृत माध्यमिक शाला घानाघाट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शासकीय हाई स्कूल में सुबह 10:30 बजे तक विद्यालय का मुख्य द्वार बंद मिला, जबकि छात्र-छात्राएं परिसर के बाहर बैठे हुए थे। इस दौरान विद्यालय के प्राचार्य श्री रामलाल रजक भी अनुपस्थित पाए गए तथा अन्य शिक्षक बाद में विद्यालय पहुंचे।
स्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए एसडीएम श्री देवांगन ने शिक्षकों को समय पर विद्यालय पहुंचने एवं नियमित रूप से विद्यालय संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की पढ़ाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई, सामान्य ज्ञान और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी अभी से शुरू करने और नियमित अध्ययन की आदत विकसित करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही प्रत्येक शनिवार विद्यालय में सामान्य ज्ञान की विशेष कक्षा आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों का बौद्धिक विकास हो सके और वे प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर ढंग से तैयार हो सकें।
इसके बाद एसडीएम ने एकीकृत माध्यमिक शाला घानाघाट का भी निरीक्षण किया। यहां सभी शिक्षक उपस्थित मिले। उन्होंने मध्यान्ह भोजन व्यवस्था का जायजा लेते हुए विद्यार्थियों को प्रतिदिन गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन और नियमित शिक्षण व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
— जिला ब्यूरो, मनोज कुमार यादव