कलेक्टर ने राजस्व कार्यों की समीक्षा कर लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश

राजस्व वसूली और फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति पर कलेक्टर सख्त, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश
रिपोर्टर-सोहन श्याम
डिंडौरी-कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, अभिलेख दुरुस्ती, अतिक्रमण, राजस्व वसूली, फार्मर रजिस्ट्री, आरओआर ई-केवाईसी, एनपीसीआई रिपोर्ट, सेल्फ रजिस्ट्रेशन स्टेटस, वनग्राम से राजस्व ग्राम में संपरिवर्तित प्रकरण, भूमि आवंटन के लंबित मामले, चारागाह भूमि पर अतिक्रमण, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, राजस्व संबंधी शिकायतें, भू-अर्जन प्रकरण तथा साइबर तहसील रिपोर्ट की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने सभी लंबित राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश समस्त एसडीएम, तहसीलदार एवं राजस्व निरीक्षकों को दिए। उन्होंने राजस्व वसूली के निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति नहीं होने पर संबंधित एसडीएम को पत्र जारी करने के निर्देश दिए। वहीं फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर संबंधित राजस्व निरीक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने वनग्रामों से राजस्व ग्राम में संपरिवर्तित शेष लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज राजस्व संबंधी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री जे.पी. यादव, एसडीएम शहपुरा श्री ऐश्वर्य वर्मा, संयुक्त कलेक्टर सुश्री भारती मेरावी, एसडीएम डिंडौरी श्री रामबाबू देवांगन सहित सभी डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।