PHE विभाग की लापरवाही से धंसी प्रधानमंत्री सड़क, डेढ़ माह बाद भी नहीं हुआ सुधार, ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी

0 188

(जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव )

 

समनापुर। विकासखंड समनापुर अंतर्गत ग्राम पंचायत प्रेमपुर के पोषक ग्राम बंजर टोला में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत लगभग पाँच वर्ष पूर्व निर्मित सड़क PHE विभाग द्वारा पाइपलाइन बिछाने के बाद बदहाल हो गई है। ग्रामीणों के अनुसार करीब डेढ़ माह पहले पाइपलाइन डालने के लिए सड़क की खुदाई की गई थी, लेकिन खुदाई के बाद पर्याप्त मुरम और अन्य सामग्री नहीं डाली गई। इससे सड़क कई स्थानों पर धंस गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

 

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि अब वहां से एक बाइक का निकलना भी मुश्किल हो गया है। बारिश के दौरान हालात और अधिक गंभीर हो गए हैं, जिससे लोगों को रोजमर्रा के आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

 

ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क क्षतिग्रस्त होने के बावजूद अब तक न तो PHE विभाग ने मरम्मत कराई है और न ही ग्राम पंचायत द्वारा सड़क सुधार के लिए कोई ठोस पहल या आवेदन किया गया है। डेढ़ माह बीत जाने के बाद भी सड़क की स्थिति जस की तस बनी हुई है।

 

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि संबंधित विभागों की जिम्मेदारी तय करते हुए सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि बंजर टोला के लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment