डीआईजी, एसपी ने पुलिस फुटबॉल प्रतियोगिता चैंपियनो को किया सम्मानित।

मुबारक अली संवाददाता
शाहजहाँपुर। 74वीं अन्तर्जनपदीय पुलिस फुटबॉल प्रतियोगिता-2026 (बरेली जोन) का भव्य समापन बुधवार को जी.एफ. कॉलेज ग्राउंड में हुआ। फाइनल मुकाबलों में रोमांचक प्रदर्शन देखने को मिला। पुरुष वर्ग में बरेली ने शाहजहाँपुर को पेनल्टी शूटआउट में 4-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया, जबकि महिला वर्ग में शाहजहाँपुर ने बरेली को 2-1 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
समापन समारोह में पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली रेंज, आईजी अजय कुमार साहनी, शाहजहांपुर पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित,एसपी सिटी देवेंद्र कुमार व जनपद के राजपत्रित अधिकारी, विभिन्न जिलों से आए पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।
अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेलों के माध्यम से अनुशासन, टीम भावना एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के महत्व पर प्रकाश डाला।
पुरुष वर्ग के फाइनल में निर्धारित समय तक दोनों टीमों ने 1-1 गोल किए। इसके बाद हुए पेनल्टी शूटआउट में बरेली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4-1 से जीत दर्ज की। वहीं महिला वर्ग का मुकाबला भी 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ, जिसके बाद पेनल्टी शूटआउट में शाहजहाँपुर ने 2-1 से जीत हासिल की।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। पुरुष वर्ग में रामपुर के नरेन्द्र सिंह को प्रतियोगिता में सर्वाधिक 6 गोल करने पर ‘सर्वश्रेष्ठ फुटबॉलर’ चुना गया। महिला वर्ग में शाहजहाँपुर की सुधा रावत को 2 गोल करने के लिए ‘सर्वश्रेष्ठ फुटबॉलर’ का सम्मान प्रदान किया गया।
समापन अवसर पर विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली रेंज ने सभी खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी खेल भावना और समर्पण के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।