सरकारी स्कूल की जमीन पर अतिक्रमण का आरोप, सरपंच ने कलेक्टर से लगाई गुहार

0 109

सीधी प्राइड समाचार)। सीधी जिले के ग्राम मझिगवां स्थित माध्यमिक विद्यालय की शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत के सरपंच सुजय सिंह ने जिला कलेक्टर विकास मिश्रा को शिकायत सौंपकर सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

 

सरपंच के अनुसार विद्यालय के नाम लगभग 4 एकड़ शासकीय भूमि दर्ज है, जिसमें से करीब 2 एकड़ भूमि पर कथित रूप से अवैध कब्जा कर लिया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ लोगों ने इस भूमि पर मकान, दुकान, गौशाला सहित अन्य निर्माण कर लिए हैं, जिससे विद्यालय परिसर की जमीन लगातार कम होती जा रही है।

 

शिकायत में राजेंद्र प्रसाद साहू, जय प्रकाश गुप्ता, प्रेमलाल साहू, भाईलाल साहू, छोटे साहू और जयकरण साहू के नामों का उल्लेख करते हुए उन पर अतिक्रमण का आरोप लगाया गया है। हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित व्यक्तियों का पक्ष अभी सामने नहीं आया है।

 

सरपंच का कहना है कि इस मामले में पहले भी कई बार संबंधित विभागों को आवेदन दिए गए। प्रशासन द्वारा नोटिस जारी करने और सीमांकन कराने जैसी कार्रवाई भी की गई, लेकिन इसके बावजूद कथित अतिक्रमण नहीं हटाया गया। उनका आरोप है कि समय के साथ कब्जा और बढ़ता गया।

 

सरपंच ने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में विद्यालय के विस्तार और विद्यार्थियों की सुविधाओं के लिए भूमि का अभाव हो सकता है।

 

शिकायत मिलने के बाद कलेक्टर विकास मिश्रा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

नोट: यह समाचार शिकायत और प्रशासनिक कार्रवाई के आधार पर तैयार किया गया है। जिन लोगों पर अतिक्रमण के आरोप लगाए गए हैं, उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment