जनसुनवाई में कलेक्टर अर्पित वर्मा की संवेदनशील पहल, मौके पर हुआ समस्याओं का त्वरित समाधान

संतोष शर्मा, संवाददाता | शिवपुरी
शिवपुरी, 14 जुलाई 2026। जिला मुख्यालय पर मंगलवार को कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई आमजन के लिए राहत और त्वरित समाधान का प्रभावी मंच साबित हुई। जनसुनवाई में जिलेभर से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिन्हें कलेक्टर ने गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए।
मोबाइल से फोटो भेजकर तहसीलदारों को दिए तत्काल निर्देश
ग्रामीण क्षेत्रों से आए राजस्व संबंधी आवेदनों पर कलेक्टर श्री वर्मा ने तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने अपने मोबाइल से आवेदनों की फोटो खींचकर संबंधित तहसीलदारों को भेजी और फोन पर ही समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर की इस त्वरित कार्यशैली से ग्रामीणों ने राहत महसूस की।
चार आश्रितों को मिली अनुकंपा नियुक्ति
जनसुनवाई के दौरान लंबित अनुकंपा नियुक्ति प्रकरणों का निराकरण करते हुए कलेक्टर ने नियुक्ति पत्र वितरित किए। श्री नमन खरे, श्री प्रियांशु शर्मा एवं श्री संदीप चौहान को पटवारी के रिक्त पदों पर तथा श्री मनोज आदिवासी को चौकीदार पद पर अनुकंपा नियुक्ति के आदेश सौंपे गए। नियुक्ति पाने वाले युवाओं ने कलेक्टर के प्रति आभार व्यक्त किया।
दिव्यांग बच्ची का जन्म प्रमाण पत्र तत्काल हुआ संशोधित
मटियारा मोहल्ला, पुरानी शिवपुरी निवासी सफीक खान अपनी दिव्यांग बेटी एरिश खान के जन्म प्रमाण पत्र में सुधार के लिए पिछले दो माह से परेशान थे। जनसुनवाई में मामला सामने आने पर कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान ही त्रुटि सुधार कर नया डिजिटल जन्म प्रमाण पत्र तैयार किया गया, जिसे कलेक्टर ने स्वयं एरिश खान को सौंपा।
अधिकारियों को सख्त चेतावनी
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की वास्तविक और जायज समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों से संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर की त्वरित निर्णय क्षमता और संवेदनशील कार्यशैली के चलते शिवपुरी की साप्ताहिक जनसुनवाई आम नागरिकों के लिए त्वरित राहत और प्रभावी समाधान का भरोसेमंद मंच बनती जा रही है।