दुग्ध उत्पादन बढ़ाकर पशुपालकों की आय बढ़ाने घर-घर पहुंचेगी ‘दुग्ध समृद्धि सघन अभियान’ की टीम

रिपोर्टर-सोहन श्याम
डिंडौरी-मध्यप्रदेश शासन के संकल्प के अनुरूप जिले में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने एवं पशुपालकों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से 13 जुलाई से ‘दुग्ध समृद्धि सघन अभियान’ का तृतीय चरण प्रारंभ किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत जिले के 711 गांवों में 3 से 4 पशु (गौवंश एवं मादा भैंस) रखने वाले 4,859 पशुपालकों के घर-घर पहुंचकर विभागीय अमला संवाद स्थापित करेगा तथा उन्हें नस्ल सुधार, पशुपालन प्रबंधन एवं पशु स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान करेगा।
उप संचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग डॉ. आर.एम. भुरसेडे ने बताया कि अभियान के प्रभावी संचालन के लिए 11 जुलाई को कलेक्ट्रेट सभागार में एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें अभियान को गुणवत्तापूर्ण एवं सफल बनाने के उद्देश्य से 35 राज्यस्तरीय पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारियों एवं 77 मैत्री/पशु सखियों को प्रशिक्षण दिया गया।
उन्होंने बताया कि अभियान की सतत निगरानी एवं मैदानी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए जिला स्तरीय कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। अभियान के नोडल अधिकारी के रूप में डॉ. अभिजीत चतुर्वेदी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पशुपालन विभाग ने जिले के सभी पशुपालकों एवं आमजन से अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की है।