कांवड़ यात्रा-2026: 25 जुलाई तक पूरी हों तैयारियां, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

0 67

 

मुबारक अली संवाददाता

शाहजहाँपुर, 7 जुलाई। कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में अधिकारियों एवं संभ्रांत नागरिकों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए 25 जुलाई तक यात्रा मार्ग से जुड़े सभी कार्य हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

 

बैठक में जिलाधिकारी ने बिजली विभाग को कांवड़ मार्ग पर ढीले बिजली के तार ठीक कराने, खुले ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा विद्युत पोलों पर सुरक्षा के इंतजाम करने के निर्देश दिए। साथ ही अल्लागंज, जलालाबाद, कांट, बरेली मोड़, हथौड़ा और जरियनपुर में कांवड़ शिविर स्थापित कर बैठने, विश्राम, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और भजन-कीर्तन की व्यवस्था करने को कहा।

 

डीएम ने नगर निकायों को यात्रा मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाने, कूड़े का तत्काल निस्तारण कराने, तुलसी के पौधे लगाने और श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक 7 से 8 किलोमीटर पर रैन बसेरा, शौचालय, स्नानघर और चेंजिंग रूम की व्यवस्था होनी चाहिए।

 

उन्होंने आयुर्वेदिक और एलोपैथिक चिकित्सा शिविर स्थापित करने, आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने तथा प्रमुख स्थानों पर एंबुलेंस तैनात करने के निर्देश भी दिए। यात्रा मार्ग पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से समय-समय पर आवश्यक सूचनाएं प्रसारित करने और धार्मिक वातावरण बनाए रखने के लिए भजन-कीर्तन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

 

खाद्य सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर संचालित सभी खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण किया जाए। दुकानदारों के लिए पहचान पत्र पहनना और दुकान पर नाम का स्पष्ट प्रदर्शन अनिवार्य कराया जाए, जबकि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष निगरानी रखी जाए।

 

लोक निर्माण विभाग को सड़क किनारे पेड़ों की आवश्यक छंटाई कर मार्ग को बाधारहित बनाने तथा प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाकर उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

 

बैठक में पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) देवेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment