शाहजहाँपुर: मकान मालकिन के घर से जेवर और नकदी चोरी का आरोपी गिरफ्तार, सोने का टुकड़ा बरामद

मुबारक अली संवाददाता
शाहजहाँपुर। थाना कोतवाली पुलिस ने चोरी के एक मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग 5.60 ग्राम पीली धातु (सोने) का टुकड़ा बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में एक अतिरिक्त धारा भी बढ़ाई है।
पुलिस के अनुसार, 26 जून 2026 को एक महिला ने थाना कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके किरायेदार समीर, मायशा और शहजाद, निवासी मोहल्ला बिजलीपुरा, उनकी गैरमौजूदगी में घर की अलमारी के लॉकर से ₹8,000 नकद और जेवरात चोरी कर ले गए। इस संबंध में थाना कोतवाली में मुकदमा संख्या 208/2026 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था।
मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने समीर पुत्र शहजाद (20 वर्ष) को कान्हा गौशाला के पास हाईवे से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से करीब 5.60 ग्राम पीली धातु का टुकड़ा बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस भी बढ़ाई गई।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी बहन मायशा के साथ मिलकर मकान मालकिन के लॉकर से असली सोने के जेवर चोरी किए थे और उनकी जगह नकली जेवर रख दिए थे। आरोपी के अनुसार, चोरी किए गए कुछ जेवरों को पिघलाकर यह सोने का टुकड़ा बनाया गया था, जिसे वह बेचने के लिए बाराबंकी जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, शेष जेवरों की जानकारी उसकी बहन मायशा को है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया।
अजय राय प्रभारी निरीक्षक थाना चौक कोतवाली के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विवेक कुमार
हेड कांस्टेबल मोहम्मद नदीम
आरक्षी दीपक के किया गिरफ्त।