चाचा की कुल्हाड़ी से हत्या करने वाला भतीजा कुछ ही घंटों में गिरफ्तार, जमोड़ी पुलिस ने जंगल से दबोचा

पैतृक जमीन के विवाद में वारदात को दिया था अंजाम, रक्तरंजित कुल्हाड़ी और कपड़े भी बरामद

0 160

 

सीधी | प्राइड इंडिया न्यूज़

सीधी जिले की जमोड़ी थाना पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले का कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त रक्तरंजित कुल्हाड़ी और घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े भी बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार 26 जून 2026 की रात थाना जमोड़ी क्षेत्र के ग्राम हड़बड़ो बघड़ा टोला निवासी बृजभान अगरिया (50 वर्ष) पर उस समय कुल्हाड़ी से हमला किया गया, जब वह घर में सो रहे थे। गंभीर रूप से घायल बृजभान को पहले जिला अस्पताल सीधी और बाद में संजय गांधी अस्पताल रीवा रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

विवेचना में सामने आया कि मृतक और उसके भतीजे रावेंद्र अगरिया (22 वर्ष) के बीच पैतृक जमीन के बंटवारे और वारिसाना अधिकार को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने अपने चाचा पर सोते समय कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।

घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। जमोड़ी पुलिस ने लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी। मुखबिर की सूचना पर बेलमानी के जंगल में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त रक्तरंजित कुल्हाड़ी और खून से सने कपड़े भी जब्त किए हैं।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी में प्रधान आरक्षक गुरु प्रसन्न की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम:

थाना प्रभारी उनि दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक गुरु प्रसन्न, प्रधान आरक्षक रावेंद्र सिंह, आरक्षक अभिषेक तेंदुलकर, के.पी. सिंह, आजाद, महिला आरक्षक सविता, महिला आरक्षक कृति तथा चालक अशोक।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment