डिंडौरी पुलिस द्वारा अपराध अनुसंधान को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं तकनीक आधारित बनाने की दिशा में ई-विवेचना (e-Vivechana) टैबलेट का उपयोग एक महत्वपूर्ण पहल है।

0 100

 

पुलिस अधीक्षक  आशीष खरे, एसडीओपी  सतीश द्विवेदी द्वारा थाना प्रभारी  दुर्गा प्रसाद नागपुर की उपस्थिति में कोतवाली डिंडौरी में ई-विवेचना टैबलेट का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों ने बताया कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से विवेचना कार्य अधिक तेज, पारदर्शी एवं प्रभावी होगा तथा पुलिस की कार्यप्रणाली में गुणवत्ता और दक्षता का विकास होगा।

 

पुलिस मुख्यालय द्वारा प्रदाय कुल 116 ई-विवेचना टैबलेट चरणबद्ध तरीके से जिले के विभिन्न थाना एवं चौकियों में वितरित किए जाएंगे। प्रथम चरण में थाना कोतवाली डिंडौरी में 25, थाना शाहपुर में 9 एवं थाना समनापुर में 12 ई-विवेचना टैबलेट का वितरण किया गया। आगामी चरणों में शेष टैबलेट जिले के अन्य थाना एवं चौकियों में वितरित किए जाएंगे, जिससे संपूर्ण जिले में डिजिटल एवं तकनीक आधारित विवेचना प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।

 

इस डिजिटल व्यवस्था से विवेचना अधिकारी घटनास्थल से ही आवश्यक दस्तावेज तैयार कर सकते हैं तथा फोटो, वीडियो एवं अन्य डिजिटल साक्ष्य तत्काल सुरक्षित रूप से अपलोड कर सकते हैं। यह प्रणाली डिजिटल अनुसंधान को गति देने के साथ-साथ विवेचना की गुणवत्ता और पारदर्शिता को भी सुदृढ़ बनाती है।

 

ई-विवेचना टैबलेट के प्रमुख लाभ:

 

* घटनास्थल से ही डिजिटल केस डायरी एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज तैयार करने की सुविधा।

* फोटो, वीडियो एवं डिजिटल साक्ष्यों का सुरक्षित संग्रहण एवं त्वरित अपलोड।

* कागजी कार्यवाही में कमी, समय की बचत तथा विवेचना की गति में वृद्धि।

* साक्ष्यों का वैज्ञानिक एवं सुरक्षित संरक्षण, जिससे अनुसंधान अधिक मजबूत एवं विश्वसनीय बनता है।

* वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा विवेचना की प्रभावी मॉनिटरिंग एवं समयबद्ध समीक्षा।

* पारदर्शिता, जवाबदेही एवं डिजिटल पुलिसिंग को बढ़ावा।

* अपराध विवरण प्रपत्र (Crime Detail Form) का डिजिटल रूप से त्वरित तैयार एवं प्रेषित किया जाना।

* जप्ती पंचनामा, गिरफ्तारी पंचनामा एवं अन्य आवश्यक विवेचना संबंधी दस्तावेजों का मौके पर ही डिजिटल रूप से तैयार किया जाना।

* भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(3) के अंतर्गत नोटिस जारी करने की सुविधा।

* एमएलसी (MLC) एवं पोस्टमार्टम (PM) संबंधी दस्तावेजों का डिजिटल संधारण एवं त्वरित प्रेषण।

* प्रतिबंधात्मक कार्रवाई से संबंधित प्रकरणों का डिजिटल निष्पादन एवं रिकॉर्ड संधारण।

* विवेचकों द्वारा अधिकांश विवेचना संबंधी कार्य टैबलेट के माध्यम से ही संपादित किए जा सकेंगे, जिससे कार्य में तेजी, शुद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।

 

डिंडौरी पुलिस आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए अपराध अनुसंधान को अधिक सशक्त, त्वरित एवं पारदर्शी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ई-विवेचना टैबलेट के माध्यम से पुलिस कार्यप्रणाली में दक्षता बढ़ेगी तथा आमजन को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवाएँ प्रदान करने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment