सीधी पुलिस ने बाजार, अस्पताल, चौपाल और ग्रामीण क्षेत्रों में चलाया व्यापक साइबर जागरूकता अभियान

सीधी। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार जिले में संचालित ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान के तहत शुक्रवार को सीधी पुलिस ने साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए जिलेभर में व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए। पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं सभी एसडीओपी के मार्गदर्शन में विभिन्न थाना क्षेत्रों में चौपाल, बाजार, अस्पताल, धार्मिक स्थल और ग्रामीण अंचलों में लोगों को साइबर सुरक्षा की जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान थाना बहरी के ग्राम मयापुर में ग्रामीण चौपाल लगाकर फर्जी लॉटरी, बैंक फ्रॉड और संदिग्ध लिंक से बचने की सलाह दी गई। थाना अजाक ने अर्जुन नगर वार्ड-12 में नागरिकों को सरकारी योजनाओं के नाम पर होने वाली ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने के लिए जागरूक किया।
थाना कोतवाली ने अस्पताल चौक पर राहगीरों, मरीजों के परिजनों और दुकानदारों को साइबर सुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित किए, जबकि थाना मड़वास ने बाजार में व्यापारियों और ग्राहकों को सुरक्षित यूपीआई लेनदेन एवं ऑनलाइन भुगतान के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी।
थाना कुसमी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों, चिकित्सकों और अस्पताल स्टाफ को साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए। वहीं थाना भुइमाड़ ने कियोस्क सेंटर पर ऑनलाइन लेनदेन से जुड़ी कानूनी और तकनीकी जानकारी साझा की।
थाना चुरहट में साइबर जागरूकता के साथ ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत लोगों को नशा मुक्त समाज बनाने की शपथ भी दिलाई गई। थाना सेमरिया ने मस्जिद परिसर में नमाजियों को ओटीपी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करने की सलाह दी, जबकि थाना मझौली ने ग्राम करवाही में ग्रामीण चौपाल लगाकर साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी। थाना कमर्जी ने बरगवां कुटी में श्रद्धालुओं और राहगीरों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
इसके अलावा जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में गांवों, हाट-बाजारों, स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर भी व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक या लुभावने ऑफर के झांसे में न आएं। यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है, तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। सजगता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।