बारात की खुशियां मातम में बदलीं: सोन नदी में डूबे दो मासूम लापता, तलाश जारी

सीधी/सिहावल | शाहिद खान | 25 जून 2026
सिहावल क्षेत्र के केतकिन घाट स्थित सोन नदी में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने शादी समारोह की खुशियों को मातम में बदल दिया। जानकारी के अनुसार सीधी जिले के पोखरा गांव से केतकिन गांव आई बारात में शामिल साकेत परिवार के तीन बच्चे सोन नदी में नहाने गए थे। नहाने के दौरान एक बच्चा सुरक्षित बाहर निकल आया, जबकि दो मासूम गहरे पानी में डूबकर लापता हो गए।
घटना गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है। बच्चों के लापता होने की सूचना मिलते ही बारात स्थल और गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।
सूचना मिलते ही सिहावल एवं बहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश अभियान शुरू किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक दोनों बच्चों का कोई पता नहीं चल सका था। नदी में पानी का स्तर अधिक होने और तेज बहाव के कारण रेस्क्यू कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन द्वारा जिला मुख्यालय से एसडीआरएफ और विशेषज्ञ गोताखोरों की टीम को बुलाया गया है। टीम के पहुंचने के बाद तलाश अभियान और तेज किए जाने की संभावना है।
स्थानीय नागरिकों ने नदी घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, चेतावनी बोर्ड लगाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों बच्चों की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं और अभियान लगातार जारी है।
फिलहाल पूरे क्षेत्र की निगाहें रेस्क्यू अभियान पर टिकी हैं और लोग दोनों मासूमों के सुरक्षित मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं।