मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने की तैयारियों की समीक्षा

0 66

 

मुबारक अली संवाददाता

शाहजहाँपुर। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ पर्व के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

 

अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने बताया कि मोहर्रम पर्व का आयोजन जनपद में 25, 26 एवं 27 जून को विभिन्न थाना क्षेत्रों में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में ताजिया जुलूस निकलते हैं, इसलिए विशेष सतर्कता और प्रभावी निगरानी बनाए रखना आवश्यक है।

 

उन्होंने बताया कि मोहर्रम के अवसर पर विभिन्न स्थलों एवं घरों में ताजिए स्थापित किए जाते हैं, जिन्हें बाद में जुलूस के रूप में स्थानीय कर्बला तक ले जाकर प्रतीकात्मक रूप से दफन किया जाता है। पर्व के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों की थानावार ड्यूटी निर्धारित की गई है तथा सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता एवं सतर्कता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

बैठक में ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने तथा पूर्व जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। संबंधित अधिकारियों को अपने क्षेत्रों का निरीक्षण कर विद्युत तारों को आवश्यकतानुसार ऊंचा कराने के लिए कहा गया। नगर निगम अधिकारियों को जुलूस मार्गों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा मार्गों से ईंट, पत्थर एवं अन्य अवरोध हटाने की कार्रवाई समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

 

इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय राजमार्गों एवं प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए हाईवे और मुख्य मार्गों से लगभग 500 मीटर पहले बैरिकेडिंग लगाने के निर्देश भी जारी किए गए।

 

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर देवेंद्र कुमार ने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराएं।

 

बैठक में नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत, उप जिलाधिकारी सदर संजय पांडेय, क्षेत्राधिकारी नगर देवव्रत बाजपेयी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment