सीसी रोड के ऊपर सीसी रोड: ग्राम पंचायत बाकी में निर्माण कार्य पर उठे गंभीर सवाल

मानकों को ताक पर रखकर कराया जा रहा निर्माण, ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग उठाई
जिला ब्यूरो: मनोज कुमार
शहपुरा/डिंडौरी। जनपद पंचायत शहपुरा अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत बाकी में निर्माणाधीन सीसी रोड कार्य की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों और स्थानीय सूत्रों का आरोप है कि सड़क निर्माण में निर्धारित तकनीकी मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता और टिकाऊपन पर संदेह गहरा गया है।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क निर्माण से पहले आवश्यक बेस तैयारी नहीं की गई और न ही सड़क की मजबूती के लिए नीचे पन्नी बिछाने जैसी जरूरी प्रक्रिया अपनाई गई। आरोप है कि निर्माण एजेंसी द्वारा पुरानी सीसीसड़क के ऊपर ही मुरम/मालवा डालकर सीधे सीसी रोड का निर्माण कराया जा रहा है। इस प्रकार बिना समुचित तकनीकी प्रक्रिया के किए जा रहे निर्माण कार्य ने पूरे मामले को संदेह के घेरे में ला दिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह लापरवाही और अनियमितता के साथ निर्माण कार्य कराया गया, तो सड़क कुछ ही समय में उखड़ सकती है या क्षतिग्रस्त हो सकती है। इससे न केवल शासकीय राशि के दुरुपयोग की आशंका बढ़ेगी, बल्कि आमजन को भी आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य की निष्पक्ष और तकनीकी जांच कराई जाए। यदि जांच में गुणवत्ता में रकमी, लापरवाही या अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित ठेकेदार एवं जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि सार्वजनिक निर्माण कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके।
—
बिना बेस और पन्नी के सीसी रोड निर्माण का आरोप
पुरानी सड़क के ऊपर डाली जा रही नई सीसी रोड
ग्रामीणों ने निर्माण गुणवत्ता पर उठाए सवाल
जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग तेज
—