जंगल में मिला पांच वर्षीय मासूम का क्षत-विक्षत शव, क्षेत्र में दहशत

17 जून से लापता था इमरान, डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल में मिली लाश; पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

0 225

 

 

डिंडोरी। जिले के करंजिया थाना क्षेत्र अंतर्गत तरेरा गांव में एक पांच वर्षीय मासूम का शव जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में कई टुकड़ों में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मासूम बीते 17 जून से लापता था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार जुटी हुई थी। सोमवार को गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल में उसका शव बरामद होने के बाद गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक और भय का माहौल व्याप्त है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तरेरा गांव निवासी इख्तियार खान 17 जून की सुबह लगभग 4 बजे जंगल में लकड़ी लेने गए थे। इसी दौरान उनका पांच वर्षीय पुत्र इमरान खान नींद से जागने के बाद पिता के पीछे-पीछे जंगल की ओर निकल गया। परिजनों को लगा कि बच्चा अपने पिता के साथ है, वहीं पिता को भी इस बात की जानकारी नहीं थी कि इमरान उनके पीछे जंगल तक पहुंच गया है।

 

जब इख्तियार खान लकड़ी लेकर घर लौटे और बेटे के बारे में पूछा, तब परिजनों को उसके लापता होने का पता चला। इसके बाद परिवारजनों और ग्रामीणों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। बाद में करंजिया थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बच्चे की तलाश के लिए विशेष टीम गठित कर जंगल और आसपास के क्षेत्रों में लगातार सर्चिंग अभियान चलाया। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से भी बच्चे की गुमशुदगी की जानकारी प्रसारित की गई, ताकि किसी तरह उसका पता लगाया जा सके।

 

सोमवार को गांव से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल में बच्चे का शव संदिग्ध हालत में कई टुकड़ों में मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

 

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पोस्टमार्टम के लिए डॉक्टरों की टीम को भी मौके पर बुलाया है। फिलहाल पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू से जांच कर रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बच्चे की मौत किसी जंगली जानवर के हमले से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

 

घटना के बाद तरेरा गांव सहित पूरे करंजिया क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और सभी संभावित पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment