नगर परिषदों में प्रशासनिक फेरबदल: डिंडौरी की कमान रीना सिंह को, शहपुरा का प्रभार एसडीएम ऐश्वर्या वर्मा को

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव डिंडौरी। जिले की दोनों नगर परिषदों में चल रहे विवादों और प्रशासनिक अव्यवस्थाओं के बीच जिला कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए महत्वपूर्ण आदेश जारी किए हैं। आदेश के तहत नगर परिषद शहपुरा की मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) श्रीमती रीना सिंह को आगामी आदेश तक नगर परिषद डिंडौरी का संपूर्ण प्रभार सौंपा गया है। वहीं नगर परिषद शहपुरा का संचालन अब एसडीएम शहपुरा ऐश्वर्या वर्मा के हाथों में रहेगा।
कलेक्टर कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार डिंडौरी नगर परिषद में पूर्व सीएमओ के स्थानांतरण के बाद परिषद में पदस्थ ग्रेड-3 कर्मचारी आशीष कोरी को चालू प्रभार दिया गया था। हालांकि उन्हें वित्तीय अधिकार प्राप्त नहीं होने के कारण परिषद के नियमित संचालन में गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो रही थीं। कर्मचारियों के वेतन भुगतान सहित कई वित्तीय कार्य प्रभावित हो रहे थे।
स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब 11 जून की सुबह नगर परिषद डिंडौरी के सफाई कर्मचारियों ने पिछले तीन माह से वेतन नहीं मिलने के विरोध में काम बंद कर धरना शुरू कर दिया। कर्मचारियों की हड़ताल के बाद प्रशासन ने तत्काल व्यवस्था सुधारने की दिशा में कदम उठाए।
उधर नगर परिषद शहपुरा में भी पिछले कुछ समय से विवादों का दौर जारी है। सीएमओ रीना सिंह ने परिषद अध्यक्ष पति, पार्षद मंडल अध्यक्ष तथा अन्य जनप्रतिनिधियों पर कमीशनखोरी और शासकीय कार्यों में बाधा पहुंचाने के आरोप लगाते हुए कलेक्टर को शिकायत सौंपी थी। शिकायत के आधार पर नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा जांच दल गठित किया गया है, जो पूरे मामले की जांच करेगा।
जांच प्रक्रिया निष्पक्ष और प्रभावित रहित रहे, इस उद्देश्य से नगर परिषद शहपुरा का संपूर्ण प्रभार एसडीएम ऐश्वर्या वर्मा को सौंपा गया है। जिला प्रशासन का मानना है कि इस प्रशासनिक फेरबदल से दोनों नगर परिषदों में व्यवस्था सुचारू होगी तथा लंबित समस्याओं के निराकरण में तेजी आएगी।
फिलहाल कलेक्टर द्वारा किए गए इस बड़े प्रशासनिक बदलाव की जिलेभर में चर्चा है और इसे नगर परिषदों में बेहतर प्रशासनिक नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। :::