जमीन विवाद में युवक की मौत, हत्या के मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार; 2 की तलाश जारी

सीधी, 07 जून 2026। जिले के बहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झुमरिया में जमीन और मकान निर्माण को लेकर हुए विवाद में एक युवक की मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो आरोपी अभी फरार हैं।
पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में बहरी पुलिस ने हत्या के इस गंभीर मामले में कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, ग्राम झुमरिया निवासी भोला साकेत (38 वर्ष) का अपने पिता एवं परिजनों के साथ मकान निर्माण और भूमि संबंधी विवाद चल रहा था। विवाद के दौरान आरोपियों द्वारा भोला साकेत के साथ कथित रूप से हाथ-मुक्कों और डंडों से मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। बाद में उसकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर थाना बहरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने धारा 103(1), 296(बी) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है।
गिरफ्तार आरोपी
विशेश्वर साकेत (70 वर्ष)
केमली साकेत (65 वर्ष)
समुखिया साकेत (38 वर्ष)
सभी निवासी ग्राम झुमरिया, थाना बहरी, जिला सीधी।
फरार आरोपी
जग्यलाल उर्फ कल्लू साकेत
वंशबहादुर साकेत
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
फिलहाल मामले की विवेचना जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।