कुसमी में कब थमेगा वन्यजीवों का कहर? देर रात हाथी ने युवक को कुचला, क्षेत्र में आक्रोश

आदिवासी अंचल सीधी में लगातार हो रही मौतों पर उठे सवाल, वन विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराज़गी

0 207

 

सीधी जिले के आदिवासी क्षेत्र कुसमी में वन्यजीवों के हमले लगातार लोगों की जान ले रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। देर रात एक बार फिर हाथी के हमले में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई, जिसके बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कुसमी क्षेत्र में देर रात हाथी की मौजूदगी के बीच एक ग्रामीण उसकी चपेट में आ गया। हाथी ने उसे कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में दहशत का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में हाथियों की लगातार गतिविधियां होने के बावजूद वन विभाग समय पर अलर्ट जारी करने, निगरानी बढ़ाने और ग्रामीणों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने में विफल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि आए दिन वन्यजीवों के हमलों में लोगों की जान जा रही है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल दिखाई नहीं देती।

घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों में गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि आखिर कब तक आदिवासी क्षेत्र के लोग वन्यजीवों के डर में जीने को मजबूर रहेंगे और कब तक ऐसी दर्दनाक घटनाओं में अपनों को खोते रहेंगे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं क्षेत्र में वन विभाग के प्रति नाराज़गी खुलकर सामने आ रही है।

घटना की सूचना पर प्रशासन और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा आगे की कार्रवाई शुरू की गई है। ग्रामीणों ने प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा और हाथियों की निगरानी व सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment