Breaking News

अवैध छुही खदान धंसने से मचा हड़कंप, महिला की मौत की आशंका, रेस्क्यू जारी

0 208

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव

 

शहपुरा। थाना शहपुरा क्षेत्र के ग्राम पड़रिया कला में संचालित एक कथित अवैध छुही खदान में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। छुही निकालने के दौरान अचानक खदान धंस जाने से कई लोगों के मलबे में दबने की सूचना सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एक महिला की मौत होने की खबर भी मिल रही है, हालांकि प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि की प्रतीक्षा है।

 

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार राम प्रसाद मार्को तथा शहपुरा पुलिस का दल तत्काल मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। प्रशासन की निगरानी में रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।

 

हादसे की खबर गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और बचाव कार्य में सहयोग करने लगे। मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए जेसीबी मशीनों की सहायता से मिट्टी हटाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खदान में उस समय कई लोग छुही निकालने का काम कर रहे थे, तभी अचानक मिट्टी का बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया। इसके बाद वहां चीख-पुकार मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

 

प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है। मलबा हटाने के बाद ही दबे लोगों की वास्तविक संख्या और हादसे के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। क्षेत्रीय प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और राहत कार्य में बाधा न पहुंचाने की अपील की है।

 

समाचार लिखे जाने तक बचाव अभियान जारी था तथा प्रशासन की ओर से आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा था।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment