NH-39 से आवारा पशुओं को गौशाला भेजने का आदेश भी हवा में, अजय सिंह राहुल ने सरकार को दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

प्राइड इंडिया न्यूज| सीधी। सीधी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-39 सहित प्रमुख सड़कों पर आवारा पशुओं की समस्या को लेकर पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं चुरहट विधायक अजय सिंह राहुल ने सरकार और प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि जिले में आदेश जारी किया गया था कि NH-39 पर विचरण कर रहे सभी आवारा पशुओं को गौशालाओं में भेजा जाएगा, लेकिन जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते यह आदेश भी हवा में उड़ता नजर आ रहा है। आज भी सड़कों पर आवारा पशुओं के जमावड़े से दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है और किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं।
अजय सिंह राहुल ने कहा कि विधानसभा में आवारा पशुओं की समस्या को लेकर सरकार ने कई आश्वासन दिए थे, लेकिन जमीनी हकीकत में हालात जस के तस हैं। सीधी जिले में NH-39 से पशुओं को हटाकर गौशालाओं में भेजने के आदेश के बावजूद यदि सड़कों पर वही स्थिति बनी हुई है तो यह प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।
उन्होंने कहा कि किसान अपनी फसल बचाने के लिए रात-दिन खेतों में पहरा दे रहे हैं। दूसरी ओर आवारा पशुओं के झुंड खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग और प्रमुख सड़कों पर बैठे पशु आए दिन सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं, जिससे जिले की जनता की जान भी खतरे में है।
अजय सिंह राहुल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार और प्रशासन का यही रवैया जारी रहा तथा आवारा पशुओं की समस्या का तत्काल स्थायी समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी किसानों और जिले की जनता के साथ सीधी से लेकर पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन करेगी। उन्होंने सरकार से विधानसभा में दिए गए आश्वासनों और सीधी जिले में जारी आदेशों को जमीन पर लागू करने तथा NH-39 से सभी आवारा पशुओं को सुरक्षित रूप से गौशालाओं में भेजने की मांग की है।