पूर्व एमएलसी कुंवर जयेश प्रसाद ने डॉ. केपी गुप्ता से की मुलाकात, साझा किए राजनीतिक विचार

0 98

मुबारक अली, संवाददाता

 

शाहजहांपुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व एमएलसी कुंवर जयेश प्रसाद ने वरिष्ठ सर्जन डॉ. केपी गुप्ता के आवास पर पहुंचकर उनसे राजनीतिक एवं सामाजिक विषयों पर चर्चा की। इस दौरान दोनों नेताओं ने आगामी राजनीतिक परिस्थितियों और क्षेत्र के विकास को लेकर विचार-विमर्श किया।

 

पत्रकारों से बातचीत में कुंवर जयेश प्रसाद ने कहा कि उनका और डॉ. केपी गुप्ता का कोई राजनीतिक रिश्ता नहीं है, बल्कि दोनों के बीच मित्रता का संबंध है, जो सभी रिश्तों से बड़ा होता है। उन्होंने कहा कि डॉ. केपी गुप्ता उनके सुख-दुख के साथी रहे हैं। उन्होंने बताया कि डॉ. गुप्ता चुनाव की तैयारी कर रहे हैं और इसी संबंध में राजनीतिक विचार साझा करने के लिए उन्हें आमंत्रित किया गया था।

 

पूर्व एमएलसी ने कहा कि दोनों लोग चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं और उन्हें विश्वास है कि दोनों अपने-अपने चुनाव जीतेंगे।

 

सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आपत्तिजनक पोस्टर लगाए जाने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि भाजपा के पास जनता के सामने रखने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। इसलिए पोस्टरों के माध्यम से जनता का ध्यान वास्तविक समस्याओं से भटकाने का प्रयास किया जा रहा है।

 

उन्होंने कहा कि शाहजहांपुर सदैव हिंदू-मुस्लिम एकता और भाईचारे का प्रतीक रहा है। यहां कभी सांप्रदायिक तनाव की स्थिति नहीं रही, लेकिन कुछ लोग लगातार ऐसा माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं जिससे समाज में विभाजन पैदा हो सके। उन्होंने जनता से आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

 

वहीं डॉ. केपी गुप्ता ने कहा कि वह 132 विधानसभा जलालाबाद (परशुरामपुरी क्षेत्र) से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। क्षेत्र में लगातार स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर लोगों को निःशुल्क चिकित्सा परामर्श एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

 

उन्होंने कहा कि एक डॉक्टर के रूप में वह सीमित स्तर पर लोगों की मदद कर सकते हैं, जैसे स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सा परामर्श और आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था। लेकिन क्षेत्र की मूलभूत समस्याएं, जैसे सड़क, नाली, पेयजल, शिक्षा और अन्य विकास कार्य जनप्रतिनिधि बनने के बाद ही बड़े स्तर पर कराए जा सकते हैं।

 

डॉ. गुप्ता ने कहा कि यदि जनता उन्हें विधायक बनने का अवसर देती है तो वह क्षेत्र के समग्र विकास और जनसेवा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।

 

गौरतलब है कि डॉ. केपी गुप्ता लंबे समय से 132 विधानसभा क्षेत्र जलालाबाद में समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय हैं और तन, मन एवं धन से लोगों की सेवा में जुटे हुए हैं।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment