सीधी पुलिस की मुस्तैदी: दो अलग-अलग मामलों में नाबालिग बालिकाएं सकुशल बरामद, एक महिला गिरफ्तार

0 206

कमर्जी पुलिस ने 7 घंटे में खोज निकाली बालिका, भुइमाड़ पुलिस ने दमोह से दस्तयाब कर आरोपिया को पकड़ा

प्राइड इंडिया न्यूज़ | सीधी | 30 मई 2026

सीधी पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से दो अलग-अलग मामलों में नाबालिग बालिकाओं को सकुशल दस्तयाब कर उनके परिजनों को सौंप दिया गया। एक मामले में बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव एवं संबंधित एसडीओपी के मार्गदर्शन में थाना कमर्जी और भुइमाड़ पुलिस ने यह कार्रवाई की।

कमर्जी पुलिस ने 7 घंटे में खोज निकाली नाबालिग

थाना कमर्जी क्षेत्र में एक 17 वर्षीय नाबालिग बालिका के घर से लापता होने की शिकायत पर पुलिस ने धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर तत्काल विशेष टीम गठित की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने महज 7 घंटे के भीतर बालिका को सकुशल खोज निकाला।

पूछताछ में बालिका ने बताया कि पिता की डांट-फटकार से नाराज होकर वह घर छोड़कर चली गई थी। सुरक्षा और काउंसलिंग के लिए उसे वन स्टॉप सेंटर सीधी में रखा गया, जिसके बाद 29 मई को विधिवत माता-पिता के सुपुर्द किया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक इन्द्राज सिंह, सउनि मनोज वर्मा एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

भुइमाड़ पुलिस की कार्रवाई: दमोह से नाबालिग बरामद, महिला गिरफ्तार

दूसरे मामले में थाना भुइमाड़ क्षेत्र से 17 वर्षीय नाबालिग के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज की गई। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि पड़ोस में रहने वाली एक महिला नाबालिग को बहला-फुसलाकर बेचने की नीयत से दमोह ले गई है।

सूचना मिलते ही भुइमाड़ पुलिस टीम दमोह पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए बालिका को सकुशल दस्तयाब कर लिया। साथ ही आरोपिया महिला को गिरफ्तार कर थाना लाया गया और न्यायालय में पेश किया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी डी.डी. सिंह एवं थाना स्टाफ की भूमिका सराहनीय रही।

सीधी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नाबालिग बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment