“मेहनत, अनुशासन और संकल्प से मिलती है सफलता” — मेधावी विद्यार्थियों को कलेक्टर विकास मिश्रा ने किया सम्मान

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी, रिपोर्ट : शाहिद खान
सीधी। सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें विकास मिश्रा ने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कक्षा 12वीं में श्री गणेश स्कूल सीधी की अनिका गुप्ता, जवाहर नवोदय विद्यालय चुरहट के आयुष द्विवेदी एवं प्रगति गुप्ता तथा केंद्रीय विद्यालय सीधी के अथर्व सिंह सेंगर को सम्मानित किया गया। वहीं कक्षा 10वीं में आदित्य बिड़ला स्कूल बघवार के समर्थ मिश्रा, केंद्रीय विद्यालय सीधी की सृष्टि सिंह एवं जवाहर नवोदय विद्यालय चुरहट की प्रियंका पटेल को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई। समारोह में विद्यार्थियों के अभिभावकों को भी सम्मान देकर उनके योगदान को विशेष रूप से रेखांकित किया गया।
इस अवसर पर कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि सफलता केवल अच्छे अंक प्राप्त करने तक सीमित नहीं होती, बल्कि यह निरंतर मेहनत, अनुशासन, लक्ष्य के प्रति समर्पण और शिक्षकों व अभिभावकों के मार्गदर्शन का परिणाम होती है। उन्होंने कहा कि जिले के इन होनहार विद्यार्थियों ने यह सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और समर्पण से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में सीखने की जिज्ञासा बनाए रखने, चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने तथा अपने ज्ञान का उपयोग समाज और राष्ट्र निर्माण में करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने जिलेवासियों से जनगणना कार्य में सक्रिय सहयोग की भी अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि विकास योजनाओं की मजबूत आधारशिला है। सही जानकारी उपलब्ध कराने से शासन की योजनाएं वास्तविक जरूरतमंदों तक प्रभावी ढंग से पहुंचती हैं। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने मेधावी विद्यार्थियों की सफलता पर खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।