महोबा में सपा सांसद की टिप्पणी पर बवाल, भाजपा का जोरदार प्रदर्शन

0 101

सांसद अजेंद्र लोधी की तस्वीर पैरों से रौंदी, सार्वजनिक माफी और गिरफ्तारी की मांग तेज

महोबा। समाजवादी पार्टी के सांसद अजेंद्र लोधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर महोबा में सियासी माहौल गरमा गया है। भाजपा कार्यकर्ताओं, महिला मोर्चा और पदाधिकारियों ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए सांसद के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने शिवतांडव मंदिर से जिलाधिकारी कार्यालय तक विरोध मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं और कार्यकर्ताओं ने हाथों में काली तख्तियां लेकर “प्रधानमंत्री का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” और “अखिलेश यादव शर्म करो” जैसे नारे लगाए।

आक्रोशित महिला कार्यकर्ताओं ने सपा सांसद अजेंद्र लोधी की तस्वीर पर “मुर्दाबाद” लिखकर उसे पैरों से रौंदा। साथ ही सांकेतिक विरोध के रूप में तस्वीर को चूड़ियां पहनाकर अपना विरोध दर्ज कराया।

इस मौके पर भाजपा विधायक राकेश गोस्वामी और जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल बेहद निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा नेतृत्व अब तक अपने सांसद के खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं कर पाया है, जिससे पार्टी की मानसिकता उजागर होती है।

भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सांसद अजेंद्र लोधी सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते और अपनी टिप्पणी वापस नहीं लेते, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार सांसद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जबकि भाजपा कार्यकर्ता अब उनकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment