5 लाख की सीसी सड़क कुछ महीनों में उखड़ी, भानपुर में निर्माण गुणवत्ता पर उठे गंभीर सवाल

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव
अमरपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत भानपुर में हाल ही में निर्मित सीसी सड़क की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। करीब 5 लाख रुपये की लागत से टावर से आंगनबाड़ी भवन तक बनाई गई यह सड़क निर्माण के कुछ ही महीनों के भीतर जर्जर हालत में पहुंच गई है, जिससे निर्माण कार्य में भारी अनियमितताओं की आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क निर्माण में तकनीकी मानकों की खुलकर अनदेखी की गई। निर्माण के दौरान न तो उचित सामग्री का उपयोग किया गया और न ही कार्य की गुणवत्ता पर ध्यान दिया गया। नतीजतन, सड़क के बीचों-बीच चौड़ी दरारें पड़ गई हैं और गिट्टी-रेत अलग होकर कई स्थानों पर बिखरने लगी है। कई हिस्सों में सीमेंट की पकड़ कमजोर होने से सड़क की सतह उखड़ने लगी है।
सड़क की खराब स्थिति के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में स्थिति और भी खराब हो सकती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य के दौरान न तो किसी प्रकार की प्रभावी निगरानी की गई और न ही संबंधित अधिकारियों द्वारा स्थल निरीक्षण में गंभीरता दिखाई गई। यही वजह है कि नई बनी सड़क इतनी जल्दी खराब हो गई।
ग्रामवासियों में इस मामले को लेकर खासा आक्रोश है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए, दोषी सरपंच, सचिव और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा सड़क का पुनर्निर्माण गुणवत्ता पूर्ण तरीके से कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।