बरगी जलाशय क्रूज हादसे पर सख्त एक्शन: कई जिम्मेदारों पर गिरी गाज, CM ने कहा—किसी को नहीं बख्शेंगे

0 239

 

जबलपुर के बरगी जलाशय में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे ने पूरे मध्यप्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस हृदयविदारक घटना के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदारों पर सख्त कदम उठाए हैं।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्रूज संचालन में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर क्रूज पायलट महेश पटेल, हेल्पर छोटेलाल गोंड और टिकट काउंटर प्रभारी (FOA) बृजेंद्र की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं। वहीं होटल मैकल रिसॉर्ट और बोट क्लब बरगी के मैनेजर सुनील मरावी को निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही रीजनल मैनेजर संजय मल्होत्रा को मुख्यालय अटैच करते हुए उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

 

इस हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन ली हैं। पीड़ित परिवारों का दर्द गहरा है और पूरे प्रदेश में शोक का माहौल है। घटना को लेकर आमजन में भी आक्रोश देखा जा रहा है।

 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए स्पष्ट कहा है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

 

प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई को न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। साथ ही लोगों में यह उम्मीद भी जगी है कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment