स्कूल प्रवेश से स्वास्थ्य मॉनिटरिंग तक सख्त निर्देश, मुख्य सचिव ने अधिकारियों को दी प्राथमिकताओं की डेडलाइन

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी, रिपोर्ट : शाहिद खान
सीएम हेल्पलाइन, गेहूं उपार्जन और नशामुक्त अभियान की भी हुई उच्चस्तरीय समीक्षा
राज्य की प्राथमिकता योजनाओं की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव अनुराग जैन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में विशेष सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शाला जाने योग्य हर बच्चे का स्कूल में प्रवेश सुनिश्चित किया जाए तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की कलेक्टर स्तर पर संवेदनशील मॉनिटरिंग हो। आंगनवाड़ी-स्कूल कोलोकेशन, कुपोषित बच्चों की देखभाल, हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की निगरानी और अस्पतालों के नियमित निरीक्षण पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी, स्वामित्व योजना, स्वच्छता सर्वेक्षण, संबल एवं मानधन योजनाओं सहित गेहूं उपार्जन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने सभी विभागों को समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए। किसानों के लिए 23 मई तक स्लॉट बुकिंग सुविधा, पेयजल एवं नल-जल योजनाओं के संचालन और वृंदावन ग्राम योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी फोकस रखा गया। वहीं पुलिस महानिदेशक ने सड़क सुरक्षा, नशामुक्त भारत अभियान और अपराध नियंत्रण के प्रयासों की जानकारी साझा की।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कलेक्टर विकास मिश्रा ने जिले में किए जा रहे नवाचारों की प्रस्तुति देते हुए स्थानीय स्तर पर किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। एनआईसी केंद्र से वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए। बैठक में स्पष्ट संदेश दिया गया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, जनकल्याण और सुशासन से जुड़ी योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी तथा जमीनी स्तर पर परिणाम सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी ( मध्य प्रदेश)