जनसुनवाई बनी राहत का केंद्र: 334 आवेदनों का त्वरित समाधान, स्वास्थ्य जांच व आधार सेवाएं एक ही छत के नीचे

सीधी | 28 अप्रैल 2026
जिला पंचायत परिसर में आयोजित जनसुनवाई इस बार आम नागरिकों के लिए राहत और भरोसे का सशक्त मंच बनकर सामने आई। कलेक्टर विकास मिश्रा ने स्वयं उपस्थित रहकर करीब 334 आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई प्रक्रिया को सरल और सुलभ बनाने के उद्देश्य से आवेदन लिखने की विशेष व्यवस्था की गई थी, जहां विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरा लीगल वालेंटियर्स ने आवेदकों की सहायता की। प्राप्त सभी आवेदनों को तत्काल ‘जन आकांक्षा पोर्टल’ पर दर्ज कर पावती प्रदान की गई, जिससे प्रकरणों की पारदर्शी मॉनिटरिंग और ट्रैकिंग सुनिश्चित हो सकी।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हितग्राही मूलक योजनाओं से संबंधित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण किया जाए तथा आवेदकों को समय-समय पर कार्रवाई की जानकारी दी जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई आवेदन अमान्य पाया जाता है तो उसके कारणों की स्पष्ट जानकारी आवेदक को दी जाए, जिससे प्रशासन के प्रति विश्वास बना रहे।
जनसुनवाई के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा नागरिकों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी प्रदान किया गया। साथ ही आधार अपडेट की सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिससे लोगों को एक ही स्थान पर कई सेवाओं का लाभ मिला और अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिली।
भीषण गर्मी को देखते हुए जनसुनवाई में आए नागरिकों के लिए कूलर, पेयजल और छाया की समुचित व्यवस्था की गई थी, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।