मोहगांव में जल संरक्षण को लेकर सामूहिक संकल्प, हर घर सोखता गड्ढा बनाने की ली शपथ

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव
डिंडोरी जिले के समनापुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम मोहगांव (लपटी टोला) में जल गंगा संवर्धन अभियान के द्वितीय चरण के तहत जल स्रोत सेवा समागम कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम सामाजिक समरसता सेवा समिति झांकी रैयत के तत्वाधान में शिवकुमार यादव के घर के सामने संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने जल संचय को बढ़ावा देने और हर घर में जनभागीदारी से सोखता गड्ढा (लीजफिट) बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। नवांकुर संस्था के प्रभारियों ने उपस्थित लोगों को जल संरक्षण के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी और बताया कि भविष्य की जरूरतों को देखते हुए पानी बचाना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने बढ़ती गर्मी और बदलते पर्यावरणीय हालातों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नदी, नाले, कुएं और तालाब जैसे जल स्रोतों का संरक्षण करना समय की मांग है। इससे न केवल मानव जीवन बल्कि जीव-जंतुओं के लिए भी जल उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकती है।
कार्यक्रम में “जल है तो कल है” का नारा लगाते हुए ग्रामीणों को अपने घरों में सोखता गड्ढा बनाने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि वर्षा जल का संरक्षण हो सके।
इस अवसर पर नवांकुर संस्था प्रभारी वेद प्रकाश यादव (सेक्टर 02 छांटा), रामकुमार मरकाम (सेक्टर 05 बम्हनी), ग्राम पंचायत मोहगांव के सरपंच दिनेश कुमार व्याम, वार्ड पंच प्रदीप यादव, पंच पंचम यादव, मोहन, शेरसिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।