देवरी खुर्द में ‘चमत्कार’ का दावा: स्वप्न के संकेत पर जमीन से प्रकट हुई मां काली की प्रतिमा, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

शहपुरा (डिंडोरी)।
शहपुरा विकासखंड के ग्राम देवरी खुर्द से आस्था और कौतूहल से जुड़ी एक अनोखी घटना सामने आई है। यहां एक ग्रामीण के स्वप्न में मिले संकेत के बाद जमीन से मां काली की प्रतिमा प्रकट होने का दावा किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी है।
ग्राम निवासी ओंकार सिंह तेकाम के अनुसार, कुछ दिन पहले उन्हें स्वप्न में माता रानी ने दर्शन देकर एक विशेष स्थान की ओर संकेत किया। स्वप्न में माता ने निर्देश दिया कि उस स्थान पर नर्मदा जल का छिड़काव किया जाए।
ओंकार सिंह ने इस बात को ग्रामवासियों के साथ साझा किया, जिसके बाद सभी लोग बताए गए स्थान पर एकत्रित हुए और विधि-विधान से नर्मदा जल का छिड़काव किया। ग्रामीणों का दावा है कि इसके बाद उसी स्थान से मां काली की प्रतिमा धीरे-धीरे जमीन से उभरने लगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रतिमा प्रतिदिन और स्पष्ट होती जा रही है। इस खबर के फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। मौके पर पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन का दौर जारी है और पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा हुआ है।
हालांकि, इस घटना की अब तक किसी प्रशासनिक या वैज्ञानिक स्तर पर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन ग्रामीणों के बीच यह घटना गहरी आस्था और विश्वास का केंद्र बन गई है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए यह स्थान धीरे-धीरे एक धार्मिक स्थल के रूप में विकसित होता नजर आ रहा है।