तहसील कार्यालय शहपुरा में हेल्प डेस्क शुरू, अब बिना दलालों के होगा काम

0 202

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव

 

 

शहपुरा (डिंडोरी/मध्य प्रदेश): आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता लाने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) ऐश्वर्य वर्मा एवं तहसीलदार आर. पी. मार्को द्वारा तहसील कार्यालय शहपुरा में विशेष “हेल्प डेस्क” की शुरुआत की गई है।

 

इस नवाचार का उद्देश्य विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले नागरिकों को सरल, सुगम और नि:शुल्क मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

 

हेल्प डेस्क के माध्यम से राजस्व विभाग से संबंधित सभी सेवाओं की जानकारी एवं सलाह एक ही स्थान पर दी जा रही है। साथ ही, नागरिक अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सीधे हेल्प डेस्क पर संपर्क कर सकते हैं या लिखित आवेदन भी प्रस्तुत कर सकते हैं।

 

इस व्यवस्था के तहत अब राजस्व से जुड़े सभी आवेदन हेल्प डेस्क पर ही स्वीकार किए जाएंगे, जिन्हें बाद में संबंधित शाखा में दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

 

प्रशासन ने इस पहल के साथ ही दलालों और बिचौलियों पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। कार्यालय परिसर में “दलालों से सावधान रहें” जैसे संदेश प्रमुखता से प्रदर्शित किए गए हैं। यदि कोई व्यक्ति कार्य के बदले पैसों की मांग करता है, तो उसकी तत्काल शिकायत करने की अपील की गई है।

 

पारदर्शिता को बढ़ावा देने के लिए अधिकारियों के संपर्क नंबर भी सार्वजनिक किए गए हैं—

एसडीएम शहपुरा ऐश्वर्य वर्मा: 6232934954

तहसीलदार आर. पी. मार्को: 9685451725

 

इस पहल से क्षेत्रीय नागरिकों में संतोष और खुशी का माहौल है। लोगों का कहना है कि हेल्प डेस्क शुरू होने से अब उन्हें कार्यालय के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और बिचौलियों के प्रभाव से भी मुक्ति मिलेगी।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment