महोबा में सिपाही की बहन की हत्या का शक, सुनसान इलाके में मिला शव, शरीर पर चोट के गहरे निशान

0 5,119

महोबा, 14 अप्रैल 2026 | रिपोर्ट: राम सिंह

महोबा शहर के सुभाष नगर इलाके में 22 वर्षीय युवती प्रियंका का शव सुनसान स्थान पर मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका सिपाही संतोष की बहन बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए इंसाफ की गुहार लगाई है।

जानकारी के अनुसार, शहर कोतवाली क्षेत्र के सुभाष नगर निवासी मानिकचंद्र रैकवार की पुत्री प्रियंका घर पर अकेली थी, जबकि परिवार के अन्य सदस्य खेत में फसल की कटाई के लिए गए थे। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे जब परिजन लौटे, तो घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला और प्रियंका घर में नहीं थी। काफी खोजबीन के बाद स्थानीय लोगों ने पहाड़ी पर एक युवती का शव देखा, जिसकी पहचान प्रियंका के रूप में हुई।

परिजनों का आरोप है कि प्रियंका की पत्थरों से कुचलकर हत्या की गई है। मृतका के शरीर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। गौरतलब है कि प्रियंका की शादी आगामी 8 जुलाई को तय थी और घर में तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस घटना से खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।

पड़ोसियों के मुताबिक, प्रियंका शांत स्वभाव की थी और कम ही घर से बाहर निकलती थी। घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है।

सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह, सीओ सिटी अरुण कुमार सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एएसपी वंदना सिंह ने बताया कि शव पर चोट के निशान मिले हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल तहरीर मिलने पर मामला दर्ज किया जाएगा। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment