नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा के तहत ग्राम सभाओं में अंबेडकर जयंती पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

0 197

रिपोर्टर सोहन श्याम बजाग डिंडौरी

 

 

डिंडौरी-कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदोरिया के निर्देशित निर्देशन में जिले में नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 14 अप्रैल को भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर जिले की समस्त ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया।

इन ग्राम सभाओं में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए उपस्थित ग्रामीणों को अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों से अवगत कराया गया। कार्यक्रम के दौरान विशेष रूप से महिलाओं के राजनीतिक अधिकारों एवं सशक्तिकरण पर जोर दिया गया।

ग्राम सभाओं में बताया गया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के अंतर्गत राजनीतिक क्षेत्र में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू किए जाने का प्रावधान किया गया है, जिससे महिलाओं की निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित होगी। यह पहल महिलाओं को सशक्त बनाने और समाज में उनकी भूमिका को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह को माननीय प्रधानमंत्री जी के महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से भी अवगत कराया गया तथा बताया गया कि यह अधिनियम देश में लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के लिए एक ऐतिहासिक निर्णय है।

इसके साथ ही, बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों, आदर्शों एवं उनके सामाजिक योगदान पर भी प्रकाश डाला गया। उनके द्वारा बनाए गए संविधान एवं सामाजिक न्याय के सिद्धांतों को ग्रामवासियों के समक्ष प्रस्तुत कर उन्हें प्रेरित किया गया।

उल्लेखनीय है कि 10 अप्रैल से 25 अप्रैल तक संचालित नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा के अंतर्गत जिले भर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य आमजन को नारी शक्ति वंदन अधिनियम के बारे में जानकारी प्रदान करना एवं महिलाओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

जिले की सभी ग्राम पंचायतों में आयोजित इन ग्राम सभाओं के माध्यम से बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता करते हुए महिला सशक्तिकरण के इस अभियान को सफल बनाने में योगदान दिया।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment