कलेक्टर ने ‘स्टार ऑफ द मंथ’ से कर्मयोगियों का किया सम्मान, योगेश भारती और मोनेन्द्र पाण्डेय हुए सम्मानित

सीधी, 13 अप्रैल 2026
जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मयोगियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री विकास मिश्रा द्वारा “स्टार ऑफ द मंथ” के तहत सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस पहल के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्मचारियों को पहचान और सम्मान दिया जा रहा है।
नगर पालिका परिषद सीधी के सफाई मित्र योगेश भारती को शहर की साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन एवं जन-जागरूकता बढ़ाने में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उनके निरंतर प्रयासों से नगर की स्वच्छता रैंकिंग में सुधार दर्ज किया गया है, जो उनके समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को दर्शाता है।
वहीं, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जूरी कुसमी के उच्च माध्यमिक शिक्षक मोनेन्द्र कुमार पाण्डेय को भी उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। मिशन कर्मयोगी के अंतर्गत आयोजित साधना सप्ताह के दौरान उन्होंने सर्वाधिक पाठ्यक्रम पूर्ण कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। उनकी लगन और निरंतर सीखने की भावना अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणादायी है।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने दोनों कर्मयोगियों की सराहना करते हुए कहा कि जिले के विकास में प्रत्येक कर्मचारी की अहम भूमिका है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते हुए जिले को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में जिला प्रशासन द्वारा दोनों सम्मानित कर्मयोगियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। यह पहल जिले के अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रही है।