शहपुरा में ग्राम रोजगार सहायकों का फूटा गुस्सा: 4 माह से मानदेय लंबित, सामूहिक अवकाश पर गए, हड़ताल की चेतावनी

0 295

 

जिला ब्यूरो: मनोज कुमार यादव

 

डिंडोरी। जनपद पंचायत शहपुरा में पदस्थ ग्राम रोजगार सहायकों ने मानदेय भुगतान में लगातार हो रही देरी के खिलाफ बड़ा कदम उठाते हुए सामूहिक अवकाश का ऐलान कर दिया है। ग्राम रोजगार सहायक संगठन ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत शहपुरा को पत्र सौंपकर 13 अप्रैल 2026 से 18 अप्रैल 2026 तक सामूहिक अवकाश पर रहने की सूचना दी है।

 

संगठन द्वारा सौंपे गए पत्र में बताया गया है कि पिछले चार माह से मानदेय का भुगतान नहीं होने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय हो चुकी है। रोजगार सहायकों का कहना है कि वे अपने परिवार का भरण-पोषण करने में असमर्थ हो रहे हैं। बच्चों की स्कूल फीस जमा करने, दैनिक जरूरतों को पूरा करने और यहां तक कि वाहन में पेट्रोल भरवाने तक में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

 

रोजगार सहायकों ने यह भी कहा कि वे शासन की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में पूरी जिम्मेदारी और मेहनत से कार्य कर रहे हैं, इसके बावजूद समय पर मानदेय नहीं मिलना अत्यंत चिंताजनक है। लगातार आर्थिक संकट से जूझते हुए उन्होंने सामूहिक अवकाश पर जाने का निर्णय लिया है।

 

उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि 18 अप्रैल 2026 तक लंबित मानदेय का भुगतान नहीं किया गया, तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होंगे। इस संबंध में सूचना अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) शहपुरा एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत डिंडोरी को भी भेज दी गई है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment