मानदेय न मिलने से नाराज ग्राम रोजगार सहायक, 13 से 18 अप्रैल तक सामूहिक अवकाश का ऐलान

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव
डिंडौरी। जिले के जनपद पंचायत डिंडौरी में पदस्थ ग्राम रोजगार सहायकों ने मानदेय भुगतान में हो रही देरी के विरोध में बड़ा निर्णय लिया है। ग्राम रोजगार सहायक संगठन ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी को पत्र सौंपकर बताया कि पिछले चार माह से मानदेय नहीं मिलने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि मानदेय के अभाव में कर्मचारियों को अपने परिवार का भरण-पोषण करने में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों की पढ़ाई, स्कूल फीस, रोजमर्रा के खर्चों के साथ-साथ वाहन में पेट्रोल भराने तक में परेशानी हो रही है। इसके बावजूद सभी ग्राम रोजगार सहायक शासन की विभिन्न योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी निष्ठा के साथ कर रहे हैं।
इसी समस्या को लेकर सभी ग्राम रोजगार सहायकों ने सामूहिक रूप से निर्णय लिया है कि वे 13 अप्रैल 2026 से 18 अप्रैल 2026 तक सामूहिक अवकाश पर रहेंगे और इस अवधि में मानदेय भुगतान का इंतजार करेंगे।
संगठन ने चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया है कि यदि 18 अप्रैल 2026 तक मानदेय का भुगतान नहीं किया गया, तो सभी ग्राम रोजगार सहायक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होंगे।