मालपुर पंचायत में करोड़ों के गबन का आरोप, सीएम हेल्पलाइन में भ्रामक रिपोर्ट से शिकायतें दबाने का दावा

0 5,327

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव

डिण्डौरी।
जिले की जनपद पंचायत शहपुरा अंतर्गत ग्राम पंचायत मालपुर में भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं का गंभीर मामला सामने आया है। पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष थानी सिंह धुर्वे ने आरोप लगाया है कि पंचायत स्तर पर शासकीय राशि का बड़े पैमाने पर दुरुपयोग और गबन किया गया है।

धुर्वे के मुताबिक, उन्होंने इस संबंध में कई बार सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन हर बार पंचायत सचिव द्वारा भ्रामक और गलत जानकारी प्रस्तुत कर शिकायतों को बंद करा दिया गया। उनका कहना है कि जनपद पंचायत शहपुरा के कुछ जिम्मेदार अधिकारियों की मिलीभगत से वास्तविक स्थिति को दबाया गया और शिकायतों का केवल औपचारिक निराकरण दिखाया गया।

शिकायतकर्ता के अनुसार, वर्ष 2021-22 से लेकर 2026 तक विभिन्न शासकीय योजनाओं में नियमों को दरकिनार कर अनियमितताएं की गईं और सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ। इस संबंध में उन्होंने जांच से जुड़ा एक प्रतिवेदन भी प्रस्तुत किया है, जिसमें कई बिंदुओं पर गंभीर गड़बड़ियों का उल्लेख किया गया है।

थानी सिंह धुर्वे ने शासन और प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। साथ ही दोषी पंचायत सचिव और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए।

मामला उजागर होने के बाद स्थानीय प्रशासन और जनपद स्तर की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि जिला प्रशासन इस गंभीर शिकायत पर क्या कदम उठाता है और जांच किस स्तर पर कराई जाती है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment