सीधी में PM-RAHAT योजना की बड़ी सफलता, पहला कैशलेस उपचार हुआ सफल

सड़क दुर्घटना में घायल को बिना खर्च मिला त्वरित इलाज, पुलिस-प्रशासन की सराहनीय पहल
सीधी, 10 अप्रैल 2026
सीधी पुलिस एवं जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों से जिले में PM-RAHAT (पीएम राहत) योजना के तहत पहला ‘कैशलेस’ सड़क दुर्घटना उपचार सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। इस पहल के अंतर्गत हनुमानगढ़ (अमरपुर) निवासी देवीदीन साकेत को जिला चिकित्सालय में बिना किसी देरी और बिना खर्च के निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया गया।
घटना और त्वरित कार्रवाई
09 अप्रैल 2026 को अमरपुर के समीप सड़क दुर्घटना में देवीदीन साकेत घायल हो गए थे। उन्हें तुरंत जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां आयुष्मान मित्र के माध्यम से TMS (Transaction Management System) में पंजीकरण किया गया।
घटना थाना चुरहट क्षेत्र में होने के कारण iRAD (Integrated Road Accident Database) पोर्टल पर विवरण दर्ज होते ही प्रणाली सक्रिय हो गई। योजना के तहत पंजीकरण होते ही संबंधित थाना प्रभारी एवं जिला कलेक्टर को एसएमएस और ईमेल के माध्यम से तत्काल सूचना प्राप्त हुई।
पुलिस की सक्रिय भूमिका
पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में यातायात थाना प्रभारी और DRM आशुतोष सिंह (NIC) तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे और घायल से मिलकर घटना की पुष्टि की। वहीं थाना प्रभारी चुरहट द्वारा जांच अधिकारी को मौके पर भेजकर मोबाइल एप के जरिए ‘Accident ID’ जनरेट कर आवश्यक जानकारी दर्ज की गई। निर्धारित समय-सीमा में सभी विवरण ऑनलाइन सबमिट कर स्वीकृति प्राप्त की गई।
अधिकारियों का योगदान
इस पूरे प्रकरण में थाना प्रभारी चुरहट, यातायात प्रभारी सीधी एवं DRM आशुतोष सिंह (NIC) की विशेष भूमिका रही, जिनके प्रयासों की सराहना की गई है।
थाना प्रभारियों को निर्देश
जिला प्रशासन ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि PM-RAHAT योजना के तहत पंजीकरण होते ही प्राप्त सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि सड़क दुर्घटना पीड़ितों को शीघ्र और निर्बाध ‘कैशलेस’ उपचार का लाभ मिल सके।