सीधी में नशे के खिलाफ सख्त अभियान शुरू, नारकोटिक्स समिति की बैठक में कड़े निर्देश

“ड्रग्स नहीं, दूध चाहिए” अभियान को मिलेगा बल, स्कूल-कोचिंग व हॉस्टलों पर विशेष निगरानी
सीधी | 31 मार्च 2026
जिले को नशा मुक्त बनाने की दिशा में कलेक्टर श्री विकास मिश्रा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय नारकोटिक्स समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस रणनीति बनाई गई और संबंधित विभागों को सख्त निर्देश जारी किए गए।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब एवं नशीली दवाओं की बिक्री किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मेडिकल स्टोर्स की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए स्कूल परिसरों के आसपास पान मसाला और नशीली वस्तुओं की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने को कहा।
नशे के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए पुलिस विभाग को व्हाट्सएप नंबर जारी कर शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अपर कलेक्टर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संयुक्त टीम गठित कर लगातार कार्रवाई करने की बात कही गई।
बैठक में संवेदनशील क्षेत्रों में गांजा की अवैध खेती के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने, ई-सिगरेट की बिक्री पर निगरानी बढ़ाने और व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया। आबकारी विभाग को अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए जब्त सामग्री के शीघ्र विनष्टीकरण के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा कोचिंग सेंटर, स्कूल, कॉलेज एवं हॉस्टलों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए, ताकि युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके। कलेक्टर ने “ड्रग्स नहीं, दूध चाहिए” जैसे संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की अपील करते हुए समाज में सकारात्मक माहौल बनाने पर बल दिया।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री बी.पी. पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।