अमिलिया पुलिस का बड़ी कार्यवाही: अवैध रेत उत्खनन पर हाइवा और जेसीबी जब्त, मामला दर्ज

सीधी | 29 मार्च 2026
जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अमिलिया पुलिस ने अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन पर बड़ी कार्यवाही करते हुए रेत से लदे हाइवा और जेसीबी मशीन को जब्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 मार्च 2026 की रात थाना अमिलिया की पुलिस टीम मूड़ा पहाड़ क्षेत्र में वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम हरदी में बृजवासी लाल पटेल के ढाबे के सामने जेसीबी मशीन के जरिए हाइवा में अवैध रूप से रेत लोड की जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर दबिश दी। जांच के दौरान पाया गया कि हाइवा क्रमांक UP63AT2022 में जेसीबी मशीन क्रमांक UP63AT7172 द्वारा अवैध रूप से रेत का भंडारण एवं परिवहन किया जा रहा था।
पुलिस द्वारा मुख्य आरोपी बृजवासी लाल पटेल से वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही हाइवा और जेसीबी मशीन को जब्त कर लिया। हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर हाइवा चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
इस मामले में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 317(5) एवं खान एवं खनिज अधिनियम की धारा 4, 21 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी अमिलिया निरीक्षक राकेश बैस, उप निरीक्षक राजमणि अहिरवार, प्रधान आरक्षक लोकेन्द्र सिंह, आरक्षक अभिषेक चौधरी एवं रघुराज सिंह की सराहनीय भूमिका रही।