सीधी पुलिस का बड़ा एक्शन: नाबालिग से दुष्कर्म करने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

चुरहट पुलिस की त्वरित कार्रवाई, रीवा का शातिर आरोपी दबोचा; पॉक्सो एक्ट में जेल भेजा गया
सीधी | 29 मार्च 2026
जिले में महिला संबंधी अपराधों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए सीधी पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना चुरहट पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म करने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी रीवा जिले का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है।
थाना प्रभारी उप निरीक्षक दीपक बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोचा। जानकारी के अनुसार, 26 मार्च 2026 को एक नाबालिग पीड़िता अपनी माता के साथ थाना चुरहट पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी, मारपीट की और डरा-धमकाकर होटल ले जाकर दुष्कर्म किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2), 331(4), 115(2), 351(3) एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 5(1)/6 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
उप निरीक्षक आशा सिलावट के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी। घेराबंदी कर आरोपी को उसी दिन शाम करीब 7 बजे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
जांच में सामने आया कि आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ रीवा जिले के थाना सगरा में 4 तथा थाना रायपुर कर्चुलियान में 1 गंभीर आपराधिक मामला दर्ज है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है ताकि पीड़िता को शीघ्र न्याय मिल सके।
🔹 सराहनीय भूमिका:
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी दीपक बघेल, उप निरीक्षक आशा सिलावट, एएसआई अमोल सिंह, महिला प्रधान आरक्षक सुमित्रा पटेल एवं आरक्षक सुशील कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।